You'll Also Like

Showing posts with label Hills. Show all posts
Showing posts with label Hills. Show all posts

Saturday, April 17, 2010

भैया, यह का फल है ? जी यह 'काफल' ही है .

नवीन जोशी, नैनीताल। दिल्ली की गर्मी से बचकर नैनीताल आऐ सैलानी दिवाकर शर्मा सरोवरनगरी पहुंचे। बस से उतरते ही झील के किनारे बिकते एक नऐ से फल को देख बच्चे उसे लेने की जिद करने लगे। शर्मा जी ने पूछ लिया, भय्या यह का फल है ? टोकरी में फल लेकर बेच रहे विक्रेता प्रकाश ने जवाब दिया `काफल´ है। शर्मा जी की समझ में कुछ न आया, पुन: फल का नाम पूछा लेकिन फिर वही जवाब। आखिर शर्मा जी के एक स्थानीय मित्र ने स्थिति स्पष्ट की, भाई साहब, इस फल का नाम ही काफल है। दाम पूछे तो जवाब मिला, 150 रुपऐ किलो। आखिर कागज की शंकु के अकार की पुड़िया दस रुपऐ में ली, लेकिन स्वाद लाजबाब था, सो एक से काम न चला। सब के लिए अलग अलग ली। अधिक लेने की इच्छा भी जताई, तो दुकानदार बोला, बाबूजी यह पहाड़ का फल है। बस, चखने भर को ही उपलब्ध है।




  • नैनीताल की बाजार में पहुंचा काफल, तो हाथों हाथ लिया सैलानियों ने 
  • फिर न कहिऐगा, `काफल पाको मैंल न चाखो´, केवल चखने भर को हैं उपलब्ध
पहाड़ में `काफल पाको मैंल न चाखो´ व `उतुकै पोथी पुरै पुरै´ जैसी कई कहानियां व प्रशिद्ध  कुमाउनी गीत 'बेडू पाको बारों मासा' भी (अगली पंक्ति 'ओ नरैन काफल पाको चैता') `काफल´ के इर्द गिर्द ही घूमते हैं। कहा जाता है कि आज भी पहाड़ के जंगलों में दो अलग अलग पक्षी गर्मियों के इस मौसम में इस तरह की ध्वनियां निकालते हैं। एक कहानी के अनुसार यह पक्षी पूर्व जन्म में मां-बेटी थे, बेटी को मां ने काफलों के पहरे में लगाया था। धूप के कारण काफल सूख कर कम दिखने लगे, जिस पर मां ने बेटी पर काफलों को खाने का आरोप लगाया। चूंकि वह काफल का स्वाद भी नहीं ले पाई थी, इसलिऐ इस दु:ख में उसकी मृत्यु हो गई और वह अगले जन्म में पक्षी बन कर `काफल पाको मैंल न चाखो´ यानी काफल पक गऐ किन्तु मैं नहीं चख पायी की टोर लगाती रहती है। उधर, शाम को काफल पुन: नम होकर पूर्व की ही मात्रा में दिखने लगे। पुत्री की मौत के लिए स्वयं को दोषी मानते हुऐ मां की भी मृत्यु हो गई और वह अगले जन्म में `उतुकै पोथी पुरै-पुरै´ यानी पुत्री काफल पूरे ही हैं की टोर लगाने वाली चिड़िया बन गई। आज भी पहाड़ी जंगलों में गर्मियों के मौसम में ऐसी टोर लगाने वाले दो पक्षियों की उदास सी आवाजें खूब सुनाई पड़ती हैं। गर्मियों में होने वाले इस फल का यह नाम कैसे पड़ा, इसके पीछे भी सैलानी शर्मा जी व दुकानदार प्रकाश के बीच जैसा वार्तालाप ही आधार बताया जाता है। कहा जाता है कि किसी जमाने में एक अंग्रेज द्वारा इसका नाम इसी तरह `का फल है ?' पूछने पर ही इसका यह नाम पड़ा। पकने पर लाल एवं फिर काले से रंग वाली 'जंगली बेरी' सरीखे फल की प्रवृत्ति शीतलता प्रदान करने वाली है। कब्ज दूर करने या पेट साफ़ करने में तो यह अचूक माना ही जाता है, इसे हृदय सम्बंधी रोगों में भी लाभदायक बताया जाता है। बीते वर्षों में काफल  'काफल पाको चैता' के अनुसार चैत्र यानी मार्च-अप्रैल की बजाय दो माह पूर्व माघ यानी जनवरी-फरवरी माह में ही बाजार में आकर वनस्पति विज्ञानियों का भी चौंका रहा था, किन्तु इस वर्ष यह ठीक समय पर बाजार में आया था। गत दिनों 200 रुपऐ किग्रा तक बिकने के बाद इन दिनों यह कुछ सस्ता 150 रुपऐ तक में बिक रहा है। लेकिन बाजार में इसकी आमद बेहद सीमित है, और दाम इससे कम होने के भी कोई संभावनायें नहीं हैं। केवल गिने-चुने कुछ स्थानीय लोग ही इसे बेच रहे हैं। इसलिए यदि आप भी इस रसीले फल का स्वाद लेना चाहें तो आपको जल्द पहाड़ आना होगा।

Wednesday, April 14, 2010

ज़िन्दा रहने के मौसम बहुत हैं मगर......

नवीन जोशी, नैनीताल। परिजनों के एमसीए कराने के स्वप्न से इतर उसके मन में कुमाऊं रेजीमेंट में रहकर देश के लिए तीन लड़ाइयां लड़ने वाले दादाजी और बड़े चाचा से संस्कारों में मिले बोल `ज़िन्दा रहने के मौसम बहुत हैं मगर, जान देने की रुत रोज आती नहीं....´ गूंज रहे थे, ऐसे में हाईस्कूल व इंटर में अपने कालेज को टॉप कर बीएससी कर रहा वह होनहार मौका मिलते ही सीआरपीएफ की ओर मुड़ गया। आज वह अपनी बूढ़ी मां की आंखिरी उम्मीदों और पत्नी को हाथों की हजार उम्मीदों की गीली मेंहदी को सूखने से पहले ही एक पल में झटक छोड़ चला है। वह तो शायद देश के लिए उसकी कुर्बानी से अपना मन मना भी लें, लेकिन उसका क्या जिसका भाग्य अभी मां की कोख में शायद विधाता ठीक से लिख भी न पाऐ हों, और उस अजन्मा आत्मा ने अपने भाग्य विधाता को ही खो दिया है।




  • पिता की मौत के आंसू पोंछ, एमसीए छोड़ सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था मनोज नौंगाई
  •  मां की इकलौती उम्मीद एवं पत्नी के हाथों की गीली मेंहदी के साथ कोख के अजन्मे शिशु के सपने भी तोड़ गया शहीद
देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखण्ड की एक और पहचान है। यहां आजादी के पूर्व से अब तक यह परंपरा अनवरत जारी है कि हर घर में कम से कम एक व्यक्ति जरूर फौज में रहकर देश की सेवा करता है। लेकिन प्रकृति के स्वर्ग कहे जाने वाले नैनीताल जनपद के भीमताल कस्बे के निकट सांगुड़ीगांव में रहने वाले एक परिवार के एक नहीं दो लोगों ने कुमाऊं रेजीमेंट में रहकर देश की सेवा की। दादाजी भैरव दत्त नौगाई ने पाकिस्तान व चीन से देश की तीन लड़ाइयां लड़ीं तो पिता के चचेरे भाई यानी बड़े चाचा लक्ष्मी दत्त नौगांई ने भी केआरसी की 20वीं बटालियन में रहकर देश की लंबी सेवा की। यह दोनों ही हमेशा मनोज के आदर्श रहे। 


मनोज में गजब की इच्छा शक्ति थी। वह बेहद मेधावी होने के बावजूद किसी कारण हाईस्कूल में गणित में कम अंक आने के कारण फेल हो गया था, लेकिन इस ठोकर को उसने अपने पथ का पाथेय बना लिया। अगले वर्ष ही हाईस्कूल में उसने अपने कालेज एलपी इंटर कालेज को टॉप कर दिया, 11वीं में पढ़ने के दौरान 2001 में विधाता ने उसके सिर से पिता भुवन नौगांई का साया छीन लिया था, बावजूद इंटर में भी उसने कालेज टॉप किया। 2003 में उसने कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया ही था, कि देहरादून में सीआरपीएफ के साक्षात्कार का `कॉल´ आ गया। भाई की मौत के सदमे से उबर न पाऐ बिड़ला संस्थान में चालक के पद से परिवार की गाड़ी चला रहे चाचा विनोद नौगांई ने मना किया, कहा "इस खतरे की नौकरी में न जा, मैं जमीन बेचकर भी तुझे एमसीए कराउंगा"। लेकिन वह न माना। परीक्षा दी और उत्तीर्ण हो खुशी खुशी `ज़िन्दा रहने के मौसम.....´ गुनगुनाता नौकरी पर चला गया। 
इधर गत वर्ष वेलेंटाइन डे 14 फरवरी 09 के दिन उसने हल्द्वानी की मात्र 21 साल की सोनिका भगत को अपनी वेलेंटाइन के साथ ही पत्नी बनाया था। बीते माह ही वह सीआरपीएफ में उपनिरीक्षक पद की परीक्षा उत्तीर्ण कर पदोन्नत हुआ था। यूँ, सीआरपीएफ की नौकरी में रहते कई बार उसका मौत से सामना हुआ था। प्रशिक्षण के दौरान एक मित्रा ने तो उसकी गोद में ही दम तोड़ दिया था, बावजूद देश सेवा की रह में बड़ी से बड़ी दुश्वारियां उसे डिगा नहीं पाई थीं। लेकिन बीती छह अप्रैल मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दन्तेवाड़ा में हुऐ `अमंगल´ में वह दिलेर भी अपने 83 साथियों के साथ धोखे का शिकार हो गया। आज उसके परिवार को उसकी शहादत पर गर्व है। बावजूद दुखों का पारावार भी नहीं। मां व पत्नी की सूनी मांग और आंखों से झरते आंसू सूखने का नाम नहीं ले रहे। उसके पार्थिव शरीर को देखने की बेताबी में कोख के अजन्मे शिशु को लेकर पत्नी सोनिका दूसरी मंजिल से कूद कर घायल हो गई। उसका पांव जल्द ठीक हो जाऐगा, किन्तु उसकी आत्मा के घाव को भरने और आगे ऐसा दूसरी किसी सोनिका के साथ न होगा, इस हेतु क्या कुछ किया जाऐगा, यह बड़ा अनुत्तरित सवाल है। 
उसके दादा, दोनों चाचा, मित्रा और जीजा ललित फुलारा...सबकी मानें तो नक्सली समस्या का हल भी आतंकवाद की तरह बिना फौजी कार्रवाई के सम्भव नहीं है। वह कहते हैं "सेना को चढ़ जाने दीजिऐ। देश की आन्तरिक व बाह्य सुरक्षा के मसले पर राजनीति बन्द कीजिऐ।"
(यह खबर सहारा समय के इस लिंक पर भी देख सकते हैं : http://www.samaylive.com/nation-hindi/79581.html)

Tuesday, March 2, 2010

`जंगल की ज्वाला´ संग मुस्काया पहाड़..


 `...पारा भीड़ा बुरूंशी फूली छौ, मैं ज कूंछू मेरी हीरू ऐरै छौ ,´ देवभूमि उत्तराखण्ड के पहाड़ी जंगलों में पशु चारण करते ग्वाल बालों की जुबान पर यह गीत इन दिनों खासा चढ़ा हुआ है। कारण उनका प्यारा लाल , सुर्ख बुरांश पूरी तरह खिल आया है। उत्तराखण्ड के राज्य वृक्ष पर लकदक खिला यह फूल इस कदर मुस्कुराया है, कि इसके खिलने से महके ऋतुराज बसन्त के साथ मुस्काते पहाड़ों की खूबसूरती में चार चाँद लग गऐ हैं। कोशिश की जाऐ तो फूलों के मौसम की यह खूबसूरती प्रदेश के पर्यटन में भी  चार चाँद लगाते हुए काफी लाभकर हो सकती है। 


बुरांश का फूल जितना सुन्दर है, उतना ही अधिक लाभकारी भी। वनस्पति विज्ञान की भाशा में रोडोडिण्ड्रोन कहे जाने वाले बुरांश का पहाड़ से गहरा आत्मीय लगाव है। शायद इसीलिए इसके पेड़ को देवभूमि उत्तराखंड में राज्य वृक्ष का दर्जा मिला हुआ है। 

  • पूरी तरह लाल सुर्ख हो गऐ पहाड़ के कई जंगल 
  • पर्यटन के लिहाज से हो सकता है लाभकारी
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू भी इसके प्रशंशकों में थे। उन्होंने अपने संस्मरणों में लिखा कि पहाड़ पर बुरांश के रंजित लाल स्थल दूर ही से दिख रहे थे। महाकवि अज्ञेय ने भी अपनी कविताओं में इसका कई बार जिक्र किया। 
हिन्दी के सुकुमार छायावादी कवि सुमित्रानन्दन पन्त को तो इस पुष्प ने अपनी लोकभाषा  कुमाउनीं में लिखने को मजबूर कर दिया था। उन्होंने इसे `जंगल की ज्वाला´ नाम दिया था। वहीं कवि श्रीकान्त वर्मा भी इसका जिक्र करने से स्वयं को नहीं रोक पाये. उन्होंने लिखा, `दुपहर भर उड़ती रही सड़क पर मुरम की धूल, शाम को उभरा मैं, तुमने मुझे पुकारा बुरूंश का फूल´। राज्य के कुमाउंनी गढ़वाली कवियों ने इसे कभी प्रेमिका के गालों तो कभी उसके रूप सौन्दर्य के लिए खूब इस्तेमाल किया। इधर जलवायु परिवर्तन का असर इस पेड़ पर जहां समय पूर्व खिलने के रूप में सर्वाधिक दिखाई दे रहा है। इस प्रकार जलवायु परिवर्तनों पर  शोध करने के लिए भी इस वृक्ष की उपयोगिता बढ़ जाती है। दूसरी ओर पशुओं के लिए उत्तम चारा व जलौनी लकड़ी होने के कारण इसके जंगलों के आसपास के ग्रामीण भी इसे खासा नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिसे रोकने की जरूरत है। फलस्वरूप इसके जंगल सिमटते जा रहे हैं। पहाड़ों पर 1200 से 4800 मीटर पर उगने वाले इस सदापर्णी वृक्ष के रक्तिम सुर्ख फूल में  शहद का भण्डार होता है। ऊंचाई बढ़ने के साथ इसके रंग में परिवर्तन होता जाता है और यह लाल रंग खोता हुआ गुलाबी, सफेद व बैगनी रंगों में भी पाया जाता है। एक ओर जहां यह चीड़ मिश्रित वनों में भी पाया जाता है, वहीं हिमालय के बुग्यालों के करीब होने वाली सीमित वृक्ष प्रजातियों में भी यह कम लंबाई के साथ मिल जाता है। इससे जूस, स्कवैश, जैम आदि उत्पाद बनाऐ जाते हैं, जो रक्तशोधक एवं हीमोग्लोबिन की पूर्तिकारक के रूप में अचूक औषधि माने जाते हैं। बुरांश का एक अन्य तरह से भी बड़ा व्यवसायिक इस्तेमाल हो सकता है। पहाड़ पर जिस मौसम में यह खिलता है, वह प्रदेश के पर्यटन के लिहाज से `ऑफ पीक´ यानी सर्वाधिक बुरा समय कहा जाता है, क्योंकि इन दिनों बर्फवारी की आस सिमट जाती है, और मैदानों में खास गर्मी नहीं बढ़ी होती। ऐसे में बुरांश के खिलने से पहाड़ में खिले फूलों का मौसम जहाँ सैलानियों को बड़ी संख्या में आकर्षित कर प्रदेश को बड़ी राजस्व आय दे सकता है, वहीँ सैलानियों के लिए प्रकृति के स्वर्ग में बड़ा आकर्षण भी साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : इस साल समय पर खिला राज्य वृक्ष बुरांश, क्या ख़त्म हुआ 'ग्लोबलवार्मिंग' का असर ? 

Saturday, February 27, 2010

स्वर्गवासी नैनीताल को बनायेंगे स्वर्ग !!

करोड़ों की नैनीताल स्वर्ग बनाओ परियोजना मंजूर !!

बिना अतिरिक्त बजट के सबके सहयोग से होगी पूरी

यूं कश्मीर के साथ नैनीताल को हमेशा से ही स्वर्ग कहा जाता है, और यहां के लोगों को जीते जी स्वर्गवासी, लेकिन वास्तव में अब जाकर यहां के लिए हजारों करोड़ रुपऐ की `नैनीताल स्वर्ग बनाओ परियोजना´ मंजूर कर ली गई है। होली के मौके पर नगर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों व समस्त नागरिकों की उपस्थिति में इसे मंजूरी दी गई। खास बात यह है कि परियोजना बिना एक भी रुपया अतिरिक्त खर्च किऐ जनसहयोग से पूरी होगी। सभी ने अपने आचरण व कार्यों से परियोजना को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया।
होली के मौके पर परियोजना के बाबत नगर में आयोजित आम सभा में प्रशासनिक अधिकारियों ने माना कि राजनीतिज्ञों के बीच अधिक व जनता के बीच कम रहने से उन पर भी राजनीतिक रंग चढ़ गया है। परिणामस्वरूप वह भी जनता की स्वप्न सदृश कभी पूरी न होने वाली योजनाओं की घोशणा कर भूल जाते हैं। आयुक्त एस राजू ने कहा कि नगर को साफ करने के लिए बातों में कई बार चला चुके डण्डे को वह अब चलाकर दिखाऐंगे। अतिक्रमणकारियों और अवैध निर्माणों पर उनकी अध्यक्षता वाला झील विकास प्राधिकरण केवल `खुन्दक´ की कार्रवाइयां करने से बाज आऐगा। डीएम शैलेश बगौली ने माना कि नगर में तीसरे कार्यकाल के बावजूद उन्हें लोग पहचान नहीं पाते हैं, इसलिऐ वह थोड़ा कड़क होकर कार्रवाई करेंगे, और अपने कार्यालय को जरूर कुछ समय देंगे। नगर के प्रथम एकल पुरुश पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी ने अपने कार्यालय को चमकाने के बाद नगर को चमकाने का अपना पुराना भूल चुका वादा दोहराया। माना कि जहां से वह शुरू हुऐ थे वहीं खड़े हैं, स्ट्रीट लाइटें बुझ चुकी हैं, गन्दगी माल रोड तक में फैल गई है। झील का बुरा हाल है। क्षेत्रीय सांसद राजा केसी सिंह `बाबा´ ने कहा कि उन्हें याद है कि नैनीताल नगर एवं जिला उनके ही लोकसभा क्षेत्रा में आता है, और वह चुनावों से पूर्व एक दो बार जरूर यहां आऐंगे। कम से कम एक दो शिलान्यास लोकार्पण पटों पर उनका नाम जरूर होना चाहिऐ। विधायक खड़क सिंह बोहरा ने नगर वासियों को दर्शन  देते रहने का वादा किया, और इस बात से इंकार किया कि वह अभी से नऐ विधानसभा सीट की खोज में जुट गऐ हैं। सभा में राजकीय कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि वह बेरोजगारों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुऐ अपनी अगली सात की बजाय दो पीढ़ियों के भविष्य के प्रति ही सचेत रहेंगे। आईजी जीवन चन्द्र पाण्डे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एमएस बनंग्याल ने कहा कि पुलिस के लिए कहानियां बनाना मजबूरी है। आगे कोशिश होगी कि पुलिस केवल फूल थमाने भर को नहीं वरन वास्तव में अपराधियों की बजाय जनता की मित्र होगी और समाज को भयमुक्त करेगी। इस मौके पर नगर के बुद्धिजीवियों व पर्यावरणविदों ने कहा कि आगे से वह किसी योजना का विरोध करने से पहले यह सुनिश्चित करेंगे कि जैसी पक्की सड़कों का वह विरोध करेंगे वैसी पक्की सड़क अपने घर तक के लिए हरगिज नहीं बनाऐंगे। युवाओं व छात्रों ने वादा किया कि आगे से अखबार में अपनी फोटो पुतले फूंककर नहीं वरन कक्षा, विवि में प्रथम आने पर ही छपवाऐंगे। व्यवसायियों ने कहा कि फड़ों को हटाने से पूर्व स्वयं के नालियों, सड़कों पर किऐ गऐ अतिक्रमणों को हटाने की पेशकश की। नगरवासियों ने भी टिन के झोपड़ों को हटाने से पूर्व स्वयं से शुरू करने की ऐसी ही पेशकश की। उन्होंने नालों में कूड़ा डालने से भी तौबा करते हुऐ माना कि नालों से ही झील में गन्दगी जाती है, और झील ही नगर की जीवनरेखा है। पर्यटन व्यवसायियों ने सैलानियों को बेवकूफ न बनाने का वादा किया। इसके पश्चात सभी वर्ग के लोगों, भावी स्वर्गवासियों ने परियोजना को हर्ष ध्वनि से मंजूरी दे दी। 
(बुरा न मानें होली है। आलेख  को मजाक में न उड़ाऐं।)